हिमाचल प्रदेश को मिलेगा कृषि का राष्ट्रीय अवार्ड,

March 15 2018

हिमांचल प्रदेश : प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में बेहतर योजनाएं बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को कृषि के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तरीय अवार्ड दिया जा रहा है। 17 मार्च को प्रदेश के कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनजातीय विकास मंत्री डाक्टर रामलाल मार्केंडय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस अवार्ड को लेंगे।

अवॉर्ड के रूप में केंद्र सरकार हिमाचल सरकार को पांच करोड़ रुपये की राशि भी कृषि के विकास के लिए देगी। प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में लोगों को स़ुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न योजनाएं चलाई हुई हैं। जिन पर प्रदेश सरकार किसानों को सब्सिडी भी मुहैया करवा रही है।

बता दें कि प्रदेश की 80 फीसदी आबादी कृषि के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। ऐेसे में प्रदेश के कृषि मंत्री इस क्षेत्र में ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, ताकि आने वाले समय में किसानों को उनकी फसलों के अच्छे दाम मिल सके।

उधर, प्रदेश के कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनजातीय विकास मंत्री डाक्टर राम लाल मार्केंडय का कहना है कि प्रदेश सरकार कृषि के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है। किसानों के लिए सरकार द्वारा विभिन्न लाभकारी योजनाएं चलाई गई है।

अब केंद्र सरकार से 17 मार्च को मिलने वाले राष्ट्रीय अवार्ड के तहत मिलने वाली करोड़ों रुपयों की राशि को भी किसानों के हितों पर ही खर्च किया जाएगा।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: Krishi Jagran