फैजाबाद कृषि विश्वविद्यालय : तिलहन की फसल अलसी की नई प्रजाति नरेन्द्र-5 विकसित

October 03 2017

By: Live Hindustan, 3 October 2017

नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के वैज्ञानिकों ने तिलहन की फसल अलसी की नई प्रजाति नरेन्द्र अलसी-5 विकसित की है। विगत दिनों तेलंगाना कृषि विश्वविद्यालय हैदराबाद में अलसी एवं कुसुम की राष्ट्रीय कार्यशाला में केन्द्रीय चिन्हीकरण समिति की ओर से नरेन्द्र अलसी-5 को उतेरा खेती के लिए अपनी संस्तुति प्रदान की गई है। 

इस प्रजाति को विकसित करने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि इसकी खेती उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में बेहतर उत्पादन देने की क्षमता रखती है। नरेन्द्र अलसी-5 की बुआई अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से तीसरे सप्ताह तक धान की खड़ी फसल में जो 10-12 दिन में कटाई योग्य हो, उसमें छिटकाव विधि से किये जाने के लिए बेहतर पाई गई है। इस प्रजाति की उत्पादन क्षमता 6-8 कुन्तल प्रति हेक्टेयर है। अलसी की यह नई प्रजाति अल्टरनेरिया ब्लाइट, पाउडरी मिल्ड्यू, उकडा एवं रतुआ रोग के प्रति रोधी है। अलसी की फसल को नुकसान करने वाले महत्वपूर्ण कीट कलिका मक्खी के प्रति भी यह प्रजाति सहिष्णु है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हसीब की ओर से वैज्ञानिकों को किसानों के लिए कम लागत में ज्यादा उत्पादन देने वाली फसलों की प्रजातियों के विकास व आसानी से अपनायी जाने वाले कृषि तकनीकों को विकसित करने के निर्देश दिये गए थे। उस क्रम में बिना जुताई के धान की खड़ी फसल में बोई जाने वाली अलसी की यह प्रजाति अत्यंन्त उपयोगी साबित होगी। अलसी की यह नई प्रजाति विकसित करने वाले वैज्ञानिकों डा. एमपी चौहान, डा. एचके सिंह, डा. पीके सिंह व निदेशक शोध डा. भगवान सिंह को इस उल्लेखनीय शोध कार्य के लिए कुलपति ने बधाई दी है।  

इस (स्टोरी) कहानी को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|