पंतनगर किसान मेले में खरीफ फसलों के बीजों की बिक्री जारी

February 28 2018

पंतनगर में चल रहे किसान मेले में आज तीसरे दिन भी किसानों द्वारा विभिन्न खरीफ फसलों के बीजों की खरीद जारी रही। किसानों द्वारा मेले में विश्वविद्यालय के बीज उत्पादन केन्द्र, फसल अनुसंधान केन्द्र तथा विश्वविद्यालय फार्म के स्टालों से तीसरे दिन की दोपहर तक लगभग 10.00 लाख रूपये के विभिन्न खरीफ फसलों के बीजों की खरीद की गयी। इसके अतिरिक्त आदर्श पुष्प उत्पादन केन्द्र, सब्जी अनुसंधान केन्द्र, उद्यान अनुसंधान केन्द्र, कृषि वानिकी अनुसंधान केन्द्र तथा औषधीय व सगंध पौध अनुसंधान एवं विकास केन्द्र के स्टालों से लगभग 2.00 लाख रूपये के बीज व पौधों की बिक्री की गई। साथ ही एटिक व प्रकाषन निदेशालय के स्टालों से लगभग 43.00 हजार रूपये के प्रकाशनों की बिक्री की गई। कल अपराह्न में शैक्षणिक डेरी फार्म में की गयी संकर बछियों की नीलामी में मुर्रा नस्ल की भैस की कटिया की सबसे अधिक बोली लगी जो रू. 57,100.00 थी।

मेले में आज गांधी हाल में आयोजित विशेष व्याख्यान माला के अंतर्गत कृषि एवं ग्रामीण विकास के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं, विषय पर मुख्य कृषि अधिकारी, ऊधमसिंह नगर, डा. एस.के. श्रीवास्तव, द्वारा व्याख्यान दिया गया। अपराह्न 3.30 बजे से गांधी हाल में आयोजित किसान गोष्ठी में वैज्ञानिकों द्वारा फसलोत्पादन, पशुपालन, एवं खेती से संबंधित किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया। मेले में आज किसानों को विभिन्न शोध केन्द्रों का भ्रमण एवं अवलोकन कराया गया। रात्रि में गांधी हाल में किसानों हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा संपादित नहीं किया गया है और यह स्टोरी अलग अलग फीड की तरफ से प्रकाशित की गई है।

Source :- Krishi Jagran