गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ने लगी ठंड

October 23 2018

उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम बदलने से ठंड में तेजी से इजाफा होता जा रहा है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हुई। गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फ गिरी। इससे श्रद्धालुओं को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। 

उत्तराखंड का समूचा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में है। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों के पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है। जिससे देहरादून, हरिद्वार, रुड़की में सुबह और शाम ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 घंटे में राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है।

अन्य जिलों में मौसम साफ रहने से लेकर कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई है। मसूरी के तापमान में भी तीन डिग्री कमी दर्ज की गई है।

दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले 24 घंटों में पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।

भारत मौसम समाचार केंद्र