केवीके में आएंगे हाईटेक कृषि यंत्र

January 22 2018

 कम लागत में ज्यादा उत्पादन के लिए किसानों को करेंगे प्रेरित

शाजापुर। नईदुनिया प्रतिनिधि

किसानों की आय साल 2022 तक दो गुना करने के लिए जतन किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से अब गिरवरर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आधुनिक तरीके से बुआई कर अधिक उत्पादन लेने में उपयोग के यंत्र आएंगे। इनका उपयोग केवीके के फॉर्म हाउस में डेमो के माध्यम से किसानों को दिखाकर उन्हें आधुनिक खेती करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

केवीके में किसानों को विभिन्न तरह की जानकारियां दिए जाने के साथ ही आधुनिक कृषि यंत्रों व उनके उपयोग की भी जानकारी भी मिलेगी। वर्तमान में यहां कुछ कृषि यंत्र हैं। वहीं अब यहां पर ओर हाईटेक कृषि यंत्र आएंगे। इधर ग्रेडिंग प्लांट भी लगेगा। वर्तमान में कृषि विज्ञान केंद्र स्थित फॉर्म हाउस में अलग-अलग तरह की फसलों के प्लॉट दिखाकर उन्नत खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहत किया जाता है। यहां रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग के साथ ही सोलर ऊर्जा का डेमो दिखाया जाता है। सोलर ऊर्जा प्लांट के माध्यम से किसानों को खेती में ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया जाता है।

गौशाला देखने पहुंच रहे किसान

केवीके में कुछ माह पहले गौशाला स्थापित की गई है। गौशाला के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय दिलाने के लिए खेती के साथ-साथ पशुपालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गौशाला को देखने के लिए किसान खासे रूचि दिखा रहे हैं। विशेष बात यह है कि गौशाला में देसी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा मिल रहा है। यहां देसी नस्ल गिर की चार गायें लाई गई हैं।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: Krishak Jagat