मौसम ने बदली करवट, जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी

November 22 2019

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। राज्य के जनजातीय जिला लाहौल स्पिति, किन्नौर और चंबा के पांगी तथा भरमौर की ऊंची पहाड़ियों पर दो पहर बाद से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। इससे तापमान में जोरदार गिरावट आई है। मौसम में यह बदलाव हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आया है। हालांकि रोहतांग दर्रा अभी यातायात के लिए खुला है।

प्रदेश में आज दिन भर घने बादल छाए रहे जिससे अधिकतम तापमान में जोरदार गिरावट आई है। केलांग में आज न्यूनतम तापमान -0.7, कल्पा में 1.7, मनाली में 2.6, कुफरी में 5 और शिमला में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग ने कल 22 नवंबर को राज्य के मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की है। इससे आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को फिर से कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: दैनिक ट्रिब्यून