48 घंटे से चल रही उत्तरी ठंडी हवा के कारण प्रदेश के ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान नीचे गिरा है। इसबार ठंड में पहली बार राजधानी का रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं गया, भागलपुर और पूर्णिया का न्यूनतम तापमान एक डिग्री ऊपर चढ़ा है। अरेबियन सी में बने चक्रवात का असर अगले 24 घंटे में बिहार में भी दिखने लगेगा। पछुआ हवा के साथ उत्तरप्रदेश से बादल आ रहे हैं। इसके कारण दिन का तापमान गिरने की संभावना है। वहीं रात का तापमान फिर से दो से तीन डिग्री तक बढ़ने के आसार हैं। राजधानी सहित प्रदेशभर में कोहरे के साथ स्मॉग बढ़ने की संभावना है। 28 नवंबर को राजधानी में भी बादल छाने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी से आ रही पछुआ और नेपाल से आ रही उत्तरी हवा के कारण 30 के बाद कनकनी भी बढ़ सकती है। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।