दो दिन बाद फिर सर्दी का पलटवार, अगले 48 घंटे में सक्रिय होगा चक्रवाती तंत्र, कड़ाके की सर्दी का रहेगा असर
जयपुर।
बीते चौबीस घंटे में प्रदेशभर में शुष्क रहे मौसम से दिन और रात में पारा दो तीन डिग्री तक बढ़ गया है। लेकिन अगले 48 घंटे बाद फिर से प्रदेश के उत्तर पूर्वी जिलों में कड़ाके की सर्दी प्रदेशवासियों को महसूस हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में हिमालय तराई क्षेत्र में एक चक्रवाती तंत्र फिर से सक्रिय होने की संभावना है। जिसका असर प्रदेश के मैदानी इलाकों समेत उत्तर पूर्वी राज्यों में भी कड़ाके की ठंड के रूप में नजर आ सकता है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिलों में बीते चौबीस घंटे में मौसम शुष्क रहा है और बादलों की रही अवाजाही के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
राजधानी समेत बाड़मेर, जैसलमेर में बीते चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा है। राजधानी में बीती रात सर्दी के तेवर नर्म रहे वहीं आज सुबह भी मौसम में हल्की गर्माहट महसूस की गई है।
शहर में मंगलवार सुबह सात बजे अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज आसमान साफ रहेगा वहीं अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहने की संभावना है।