जानिए 29 अक्टूबर को कहाँ होगी बारिश और कहाँ रहेगा मौसम सूखा
राजधानी दिल्ली और आसपास के भागों हवाएँ इस समय काफी मंद गति से चल रही हैं। यही कारण है कि आज भी सुबह और शाम के समय नमी बढ़ने पर प्रदूषण काफी भयंकर रूप अख़्तियार कर सकता है।
ऐसे में आपको एहतियात बरतने होंगे। लोग भी प्रदूषण को कम करने के बारे में अपने दायित्व को निभाएँ तो सबका भला होगा। जैसा इस बार पंजाब और हरियाणा के किसान कर रहे हैं। इन राज्यों में पिछले वर्षों के मुक़ाबले इस बार महज़ 40 प्रतिशत पराली जलाने की घटनाएँ अब तक हुई हैं।
फिलहाल देश में बारिश की संभावनाओं की बात करें तो, उत्तर में कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम सूखा रहेगा। रात में सर्दी और दिन में गर्मी जारी रहेगी।
पूरब में बिहार और झारखंड में आज आंशिक बादलों के बीच गया, पटना, रांची, जमशेदपुर, देवघर और आसपास के अन्य शहरों में हल्की वर्षा की संभावना है।
देश के पूर्वी भागों और पूर्वी तटों पर मौसम में इस बदलाव का कारण है बंगाल की खाड़ी पर उभर रहा एक निम्न दबाव का क्षेत्र। इसके चलते तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय ओड़ीशा के शहरों में अच्छी वर्षा हो सकती है।
कोलकाता सहित दक्षिणी बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मध्य भारत में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार आज भी नहीं हैं। बल्कि पूरब की तरफ से नमी लेकर आ रही हवाओं के कारण इन भागों में गर्मी और उमस आज बढ़ गई है।
दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि दक्षिणी और तटीय तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी भागों खासकर त्रिवेन्द्रम, कोलम, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और रामनाथपुरम में हल्की बारिश की संभावना आज भी बनी रहेगी।