21 नवंबर का मौसम पूर्वानुमान: तमिलनाडू मे भारी बारिश; दिल्ली मे प्रदूषण का स्तर खराब
दक्षिण भारत से शुरू करे तो, एक गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र तटीय तमिलनाडू पर बना हुआ है जिसके चलते तमिलनाडू में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के एक-दो जगह हल्की वर्षा रिकॉर्ड की जा सकती है।
मध्य भारत की बात करें तो मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। जबकि मराठवाडा, विदर्भ सहित गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। यहाँ मौसम शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि महाराष्ट्र में दिन के तापमान में मामूली वृद्धि की उम्मीद है।
उत्तर की ओर बढ़ें तो मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्व की ओर निकल गया है। इससे कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 21 नवंबर को भी मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 22 नवम्बर को जम्मू कश्मीर के पास पहुँच सकता है, जो जम्मू कश्मीर में एक-दो जगहों पर हल्की वर्षा दे सकता है।
इधर उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में उत्तर पश्चिमी दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएँ आना शुरू हो गई हैं जिससे न्यूनतम तापमान में हल्की कमी आने के आसार हैं। दिल्ली में प्रदूषण खराब स्तर पर ही बना रहेगा।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मेघालय और इससे सटे भागों पर बना हुआ है। इसके चलते असम में एक-दो जगह पर हल्की बारिश की संभावना है। दूसरी तरफ़ असम,मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा और तटीय पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना। ओड़ीशा मे हल्के बादल छाए रहेंगे हालांकि राज्य के लगभग सभी भागों मे मौसम शुष्क ही बना रहेगा।