वेल-मार्केड लो प्रैशर एरिया लाएगा तमिलनाडु, केरल व कर्नाटक में बारिश। दिल्ली- में प्रदूषण से हल्की राहत।
दक्षिण भारत से शुरुआत करें तो इस समय बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी भागों पर एक वेल-मार्केड लो प्रैशर एरिया बना हुआ है। इसके चलते तमिलनाडु, केरल और तटीय कर्नाटक में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
अब मध्य भारत की और बढ़ें तो एक कमजोर ट्रफ रेखा तटीय महाराष्ट्र के पास से गुजर रही है, इसके चलते कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। हालांकि, गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में शुष्क मौसम जारी रहेगा।
उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ अब यहाँ से हट चुका है जिसके चलते समूचे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम शुष्क होगा। इधर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएँ चलेंगी जिससे रात के तापमान में हल्की गिरावट होगी। इससे दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब ही बनी रहेगी।
पूर्वी भारत की ओर बढ़ें तो बांग्लादेश पर बने साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के कारण असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा सम्पूर्ण पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम शुष्क रहेगा। यहाँ दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना फिलहाल नहीं है।