भविष्य में चीनी का आयात जरुरी नहीं : पासवान

August 14 2017

By: Krishi Jagran, August 14, 2017

नई दिल्लीः खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान ने निकट भविष्य में चीनी के आयात की संभावना से इन्कार करते हुए आज कहा कि देश में पर्याप्त मात्रा में चीनी का भंडार है। पासवान ने संवाददाता सम्मेलन में चीनी के आयात को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अभी चीनी का आयात जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में पहले की चीनी का भंडार 70 लाख टन है, इसके अलावा 204 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। एहतियात के तौर पर पांच लाख टन कच्ची चीनी का आयात भी किया गया है। कुल मिलाकर देश में 279 लाख टन चीनी का भंडार था।

उन्होंने कहा कि देश की जरूरतों को पूरा करने के बाद भी 40 से 42 लाख टन चीनी बच जाएगी और अक्टूबर महीने से नया गन्ना पिराई सत्र शुरू हो जाएगा, जिससे फिर से चीनी का उत्पादन शुरू हो जाएगा। देश में इस वर्ष गन्ने की फसल अच्छी स्थिति में है और राज्यों से गन्ने की पिराई कुछ पहले करने का अनुरोध किया जाएगा, जिससे देश में चीनी की कमी नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि सरकार ने चीनी के आयात पर 50 प्रतिशत आयात शुल्क लगा रखा है।

इस (स्टोरी) कहानी को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|