रीवा के कोदो के बीज से हो रही तेलंगाना, आंध्र, कर्नाटक और तमिलनाडु में खेती

September 13 2017

By: Naiduniya, 13 September 2017

रीवा व शहडोल संभाग की प्रमुख फसलों में कोदो की खेती को लेकर स्थानीय किसानों की रुचि घट गई है, लेकिन विंध्य में तैयार उन्नत किस्म का कोदो दक्षिण भारत में धूम मचा रहा है। साउथ के तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक राज्यों के किसान इसे काफी पसंद कर रहे हैं। विंध्य की यह फसल अब साउथ की जमीन लहलहा रही है।

औषधीय गुणों से भरपूर कोदो के महत्व को देखते हुए कृषि कॉलेज अनुसंधान केन्द्र ने जेके-49 कोदो तैयार किया था। इसे देश के सभी अनुसंधान केन्द्रों में भेजा गया है। साउथ के अनुसंधान केन्द्र में इसको रिसर्च के बाद तैयार किया गया और किसानों को बीज उपलब्ध कराया गया।

औषधीय तत्वों से है भरपूर

कृषि कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में तैयार होता था उसे और बेहतर बनाया गया। यह कोदो औषधीय तत्वों से भरपूर है। कोदो का अनाज शरीर के लिए लाभकारी है। डायबिटीज के मरीजों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। इसे शुगर फ्री चावल के नाम से भी अब पहचान मिल रही है। कम पानी में यह फसल तैयार हो जाती है और इसमें बीमारी भी ज्यादा नहीं लगती है।

नए बीज में यह खासियत

पहले जो कोदो तैयार होता था उसके पौधे लचीले होते थे और हवा पानी में गिर जाते थे। कृषि कॉलेज के वैज्ञानिकों ने अनुसंधान केन्द्र में इसे और मजबूती देकर नया बीज जेके 49 तैयार किया। अब यह फसल खेत में मजबूती के साथ तैयार होती है और पानी हवा का इतना असर इसमें नहीं पड़ता।

होती है अच्छी पैदावार

कृषि वैज्ञानिकों ने कोदो की जो नई किस्म तैयार की है वह फार्म हाऊस के नियमानुसार अगर खेतों में तैयार की जाए तो 28 से 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन होगा। सामान्य रूप से खेती करने पर 15 से 18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के हिसाब से जेके-49 कोदो किसान तैयार कर सकते हैं। मंडी में कोदो के अनाज की कीमत भी अब बढ़ने लगी है और 70 से 80 स्र्पए प्रति किलो बिक रहा है।

इनका कहना है

साउथ के किसान अपने खेतों में अब कोदो की खेती अच्छी कर रहे हैं। इसका बीज रीवा में तैयार कर सभी अनुसंधान केन्द्रों को भेजा गया था। जहां साउथ के अनुसंधान केन्द्र ने इस बीज को तैयार किया और किसान इसकी बोनी कर रहे हैं।

इस (स्टोरी) कहानी को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|