सभी किसानों को मिलेगी सम्मान निधि की तीसरी किस्त

October 15 2019

आधार में गड़बड़ी के कारण किसानों को सम्मान निधि न मिलने का रोड़ा समाप्त हो गया है। केंद्र सरकार ने अगली किस्त के लिए आधार की अनिवार्यता को फिलहाल समाप्त कर दिया है। इससे प्रदेश के दो करोड़ और जिले के 2.24 लाख किसानों को फायदा मिलेगा। 

सभी किसानों के खाते में 30 नवंबर से पहले किसान सम्मान निधि के 2,000 रुपये भेज दिए जाएंगे। इस बाबत केंद्र सरकार का शासनादेश आ चुका है।

दरअसल, आधार में गड़बड़ी के चलते प्रदेश के दो करोड़ किसानों की तीसरी किश्त अटक गई थी। मात्र 40 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि की रकम मिली थी। इसके बाद सभी जिले के अधिकारियों को पीएम किसान पोर्टल पर किसानों का सही आधार फीडिंग कराने का आदेश जारी किया गया था। 

तीसरी किश्त के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया था। पहले के आदेश के मुताबिक गड़बड़ी ठीक होने पर ही किसानों को तीसरी किश्त मिलनी थी। अब नया आदेश आने के बाद सभी को योजना का लाभ मिलेगा।

30 नवंबर तक किसानों से आधार नहीं मांगा जाएगा। नए आदेश के अनुसार सभी 2.24 लाख लाभार्थी किसानों को सम्मान निधि की किश्त उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। - डॉ. राजीव कुमार, उप कृषि निदेशक, वाराणसी

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: अमर उजाला